मुख्तार अंसारी की गाजीपुर के कपूरपुर मौजा इलाके में स्थित 12 करोड़ की संपत्ति हुईं सरकारी।
लखनऊ :- माफिया मुख्तार अंसारी ( अब मृत) की गाजीपुर स्थित 12 करोड़ रुपये कीमत की जमीन अब सरकारी संपत्ति बन गई हैं।
आयकर विभाग द्वारा बीते वर्ष मुख्तार की इन बेनामी संपत्तियों को जब्त करने के फैसले पर निर्णायक प्राधिकारी कार्यालय ने मुहर लगा दी है।साथ ही, मुख्तार के बेटे अब्बास और उमर की याचिका को खारिज कर दिया है। आयकर विभाग ने बीते वर्ष अप्रैल माह में माफिया मुख्तार अंसारी की गाजीपुर स्थित 12.10 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्तियों को जब्त किया था। गाजीपुर के कपूरपुर मौजा इलाके में स्थित संपत्ति को मुख्तार ने अपने करीबी रीयल एस्टेट कारोबारी गणेश दत्त मिश्रा के नाम से खरीदा था ।
गाजीपुर पुलिस ने आयकर विभाग को भेजी रिपोर्ट में कहा था कि मुख्तार ने गणेश दत्त मिश्रा और उनके पिता शिवशंकर मिश्रा के नाम से कई बेनामी संपत्तियां खरीदी हैं। आयकर विभाग ने जब इसकी जांच की तो पाया कि गणेश दत्त मिश्रा ने 0.11748 हेक्टेयर और 0.254 हेक्टेयर भूमि सुषमा श्रीवास्तव और गीता राय से खरीदी थी। हालांकि, सेल डीड में बतौर भुगतान दर्शाने के जिन चेकों का जिक्र किया गया था, वह कभी भुनाए ही नहीं गए थे।

