अवैध एजेंसियों का शिकार हो रहे यूपी के नागरिक , प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स ऑफिस लखनऊ तक शिकायतें।
लखनऊ :- विदेश में नौकरी का सपना लेकर जाने वाले उत्तर प्रदेश के करीब तीन नागरिक रोजाना अवैध भर्ती एजेंसियों और दलालों के चंगुल में फंस रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स (पीओई) कार्यालय लखनऊ में हर दिन औसतन दो से तीन शिकायतें आ रही हैं।
इनमें ज्यादातर खाड़ी देशों में नौकरी के नाम पर ठगी और विदेश पहुंचने के बाद परेशान करने से जुड़ी हैं। जो शख्स अवैध तरीके स पहुंचते हैं उनको वापस लाना मंत्रालय के लिए चुनौती बन जाता है। शिकायतों के मुताबिक युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी तनख्वाह का झांसा देकर रकम वसूली जाती है। कई मामलों में युवाओं को रोजगार के लिए टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजा जाता है।
वहां पहुंचने के बाद उन्हें नौकरी नहीं मिलती। कुछ मामलों में एजेंट से तय रकम देने के बाद भी अनुबंध में बताए गए वेतन से कम भुगतान किया जाता है। वहीं पीओई के अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि सबसे ज्यादा शिकायतें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत, कतर और ओमान से संबंधित हैं।
शिकायतों के अलावा अलग-अलग माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं की संख्या इससे कहीं अधिक है। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और स्थानीय स्तर पर सक्रिय दलालों के जरिए युवाओं को विदेश भेजने का काम किया जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पीओई लखनऊ ने अवैध भर्ती एजेंसियों और दलालों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके लिए अलग-अलग माध्यमों से मिली शिकायतों का डाटा तैयार किया जा रहा है।
संबंधित मामलों की जानकारी जिलों की पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भी दी जा रही है। पुलिस की मदद से ऐसे एजेंटों और संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। विभाग ने ऑपरेशन सुरक्षित जाओ, प्रशिक्षित जाओ अभियान भी शुरू किया है। जाने से पहले तसदीक करने की अपील: अधिकारियों ने विदेश में रोजगार के लिए जाने वाले लोगों से भर्ती एजेंसी की पूरी जानकारी लेने की अपील की है।
एजेंसी के पास विदेश मंत्रालय का वैध लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच ई-माइग्रेट पोर्टल पर की जा सकती है। अधिकारियों ने लोगों को टूरिस्ट वीजा पर रोजगार के लिए विदेश नहीं जाने की सलाह दी है। एजेंट को भुगतान करने से पहले उसकी पक्की रसीद लेने और नौकरी, वेतन व अनुबंध की शर्तों की जांच करने को कहा गया है।
यहां करें शिकायत: बिना लाइसेंस विदेश भेजने के नाम पर वसूली या ठगी की शिकायत——- illegalcomplaints@mea.gov.in और पर की जा सकती है। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24 घंटे हेल्पलाइन 1800-11-3090 और व्हाट्सएप नंबर +91 74283 21144 पर भी मदद ली जा सकती है।

