जमानिया अवैध देशी शराब की खेप संग एक तस्कर गिरफ्तार।
जमानियां :- कोतवाली पुलिस ने बरूईन स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास नहर की पटरी से अवैध देशी शराब की खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से ‘ब्ल्यू लाइम’ ब्रांड के 80 पाउच (कुल 16 लीटर) देशी शराब बरामद की गई है।
प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि नहर के रास्ते एक युवक अवैध देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 200-200 एमएल के ‘ब्ल्यू लाइम’ ब्रांड के कुल 80 पाउच बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 16 लीटर है। गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप कुमार (20) पुत्र शम्भू राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के जिला कैमूर (भभुआ) के थाना मोहनिया अंतर्गत ग्राम केशोपुर का निवासी है।
पुलिस ने इस मामले में जमानियां थाने में मु0अ0सं0 364/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और उनके अन्य सहयोगी पुलिसकर्मी शामिल रहे।(विकास सिंह की रिपोर्ट)

