बिहार में पुलिस टीम पर हमला: गाड़ी ओवरटेक कर शराब केस के आरोपित को छुड़ा ले गए दबंग, दो सिपाही घायल
फतेहपुर गया गुरपा थाना क्षेत्र में लावारिस मोटरसाइकिल की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट कर हिरासत में लिए गए एक आरोपित को जबरन छुड़ाने का मामला सामने आया है।
घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के आवेदन पर तीन नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है। मामले की जांच एसआई विनय कुमार सिंह कर रहे हैं।घटना 24 नवंबर की सुबह की है। पुलिस के अनुसार दुन्दु मंदिर के पास सड़क किनारे लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी होने की सूचना पर पीटीसी दर्शन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
करीब 09:45 बजे उपेंद्र यादव के घर के समीप काले नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक मिली। आसपास पूछताछ के बाद भी बाइक के मालिक का पता नहीं चल सका। इसी दौरान पुलिस ने भीड़ में मौजूद नीतीश कुमार उर्फ बंगाली की पहचान की।प्राथमिकी में उसे फतेहपुर थाना में मद्य निषेध कानून के तहत दर्ज मामले का आरोपित बताया गया है
पुलिस के मुताबिक उसे आगे की कार्रवाई के लिए ले जाने के दौरान धनक्षू मोड़ मंदिर के पास तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे लोगों ने पुलिस वाहन को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि देवनंदन यादव, विपिन कुमार समेत चार अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर नीतीश को छुड़ा लिया। इस दौरान नीतीश पर भी पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने का आरोप है। हाथापाई में सिपाही राजन कुमार के दाहिने हाथ तथा गोल्डेन कुमार के दाहिने हाथ और पैर में चोट लगी।

