जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के गायघाट तिराहे के पास पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की शाम एक युवक को दो पेटी देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जिसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शनिवार को पकड़े गए अभियुक्त को पुलिस ने जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर बिहार की ओर जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गायघाट तिराहे पर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी में दो पेटी देशी ब्ल्यू लाइम शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 90 पाउच (प्रत्येक 200 मिलीलीटर) थे। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जिकेश कुमार (निवासी मसौदा, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर, बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब बिहार ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब को सील कर आरोपी को न्यायालय भेजने की तैयारी की जा रही है। इस अभियान में एसआई रामकुमार दूबे, हेड कांस्टेबल राममिलन यादव और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे।

